गागलहेड़ी के स्क्रैप व्यापारी को थी चूना लगाने की तैयारी
सहारनपुर। नकली नोटों के तस्कर गागलहेड़ी के एक स्क्रैप व्यापारी को चूना लगाने की तैयारी में थे। गिरफ्तार एक आरोपी ठेके के बदले में 15 लाख रुपये व्यापारी को देने के लिए जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही दबोच लिया।
सदर कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी इब्राहिम, धन्नू खान उर्फ विक्की और अब्दुल फरीद में से इब्राहिम स्क्रैप की ठेकेदारी करता है। पुलिस के अनुसार इब्राहिम को ठेके लेने के बदले में गागलहेड़ी के एक स्क्रैप व्यापारी को 15 लाख रुपये का भुगतान करना था। जिसके लिए उसने नकली नोट मंगाए थे। इनमें वह कुछ असली नोट मिलाकर व्यापारी को भुगतान करता। लगभग 13 लाख रुपये का स्क्रैप व्यापारी को चूना लगाने की तैयारी में था इब्राहिम। लेकिन पुलिस ने उसे रेलवे स्टेशन के नजदीक से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
20 प्रतिशत पर करते हैं नकली नोटों का कारोबार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि खलीफा नाम का व्यक्ति उन्हें 20 प्रतिशत पर नकली नोटों की सप्लाई करता है। 10 लाख रुपये आठ लाख में मिल जाते हैं और दस लाख में चला देते हैं। दो लाख रुपये इन्हें असली मिल जाते हैं।