व्यापारी से कपड़ा और नकदी लूट ले गए बदमाश
गंगोह (सहारनपुर)। ग्राहक बनकर आए बाइक सवार तीन बदमाश रेडीमेड विक्रेता से तमंचों के बल पर मारपीट कर आठ हजार रुपये के कपडे़ और नकदी लूट ले गए। दुकानदार के शोर मचाने पर लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आए। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला कोटला में रामलीला भवन मार्ग पर संजय की रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम दुकान पर संजय का पुत्र अंकुर बैठा हुआ था। तभी पल्सर सवार तीन युवक उसकी दुकान पर आए और कपड़े देखने लगे। उन्होंने 2800 रुपये कीमत के कपड़े पसंद कर लिए और बिना पैसे दिए ही उन्हें ले जाने लगे। जब अंकुर ने उनका विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचा निकाल लिया और अंकुर के सर में बट से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश कपडे़ एवं गल्ले में रखी पांच हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। अंकुर के शोर मचाने पर लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन तब तक वह फरार हो चुके थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात के बारे में जानकारी की। सरेशाम हुई वारदात से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।