बेहट (सहारनपुर)। पंचमुखी हनुमान मंदिर के प्रबंधक ने शाकंभरी देवी पुलिस चौकी इंचार्ज और माता बगलामुखी मंदिर के प्रबंधक व उनके पुत्र पर हनुमान मंदिर परिसर में तोड़फोड़ कराने और विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की गई शिकायत में बेहट के मोहल्ला महाजनान निवासी धन प्रकाश पुत्र दाता प्रकाश ने बताया कि वह सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी के पास नागल माफी गांव में स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के प्रबंधक है। उनका आरोप है कि 19 जून की सुबह करीब 9 बजे नागल माफी गांव में ही स्थित माता बगलामुखी मंदिर के प्रबंधक और उनके पुत्र कुछ अज्ञात लोगों के साथ हनुमान मंदिर में पहुंचे और मंदिर परिसर में तोड़फोड़ करने लगे। शाकंभरी देवी पुलिस चौकी के इंचार्ज भी जेसीबी मशीन लेकर मंदिर परिसर में आ पहुंचे और अवैध तरीके से मंदिर परिसर में लगे विधायक निधि के सरकारी हैंडपंप तथा पेयजल परियोजना से आ रही पाइपलाइन को उखड़वा दिया। इतना ही नहीं 5-6 साल पुराने इस हैडपंप को उखड़वाने के बाद उनके द्वारा बोरिंग में मिट्टी डालकर उसे बंद करा दिया गया। जब उनके और मंदिर के पुजारी महेशचंद शर्मा द्वारा उन्हें ऐसा करने से रोका गया तो आरोप है, कि उन्होंने उनके और मंदिर के पुजारी के साथ धक्का-मुक्की करते हुए गाली गलौज की।
आरोप है, कि दो महीने पहले चौकी इंचार्ज द्वारा उनसे किसी एवज में सुविधा शुल्क की मांग की गई थी, जिसे पूरा न करने पर रंजिशन उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली गलौज करने के साथ ही मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की गई। पीड़ित ने एसएसपी से आरोपों की जांच कराकर उनके खिलाफ थाना मिर्जापुर में रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है। उधर, थाना मिर्जापुर प्रभारी परमेंद्र सिंह ने बताया, कि हनुमान मंदिर के प्रबंधक द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार है। चौकी इंचार्ज द्वारा कोई तोड़फोड़ नहीं कराई गई। वन विभाग के अधिकारियों द्वारा उक्त भूमि को अपनी बताकर उस में पेड़ लगाने के लिए गड्ढे कराए गए हैँ। वह खुद मौके पर जाकर इसकी जांच कर चुके हैं। चौकी इंचार्ज ने भी सभी आरोपों को नकारा है।