नानौता (सहारनपुर)। बाराबंकी में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद थाना पुलिस भी सचेत हो गई है। पुलिस ने ग्राम तिलफरा ऐनाबाद में एक घर में अवैध शराब बनाने की भट्ठी पकड़ते हुए करीब 40 लीटर लहन नष्ट किया। मौके से पुलिस ने 15 लीटर कच्ची शराब को कब्जे में लेते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि मंगलवार की सुबह मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि क्षेत्र के ग्राम तिलफरा ऐनाबाद में एक मकान में अवैध शराब बनाने की भट्ठी लगाकर शराब की कसीदगी की जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज चौधरी पुलिस बल के साथ गांव स्थित एक मकान पर पहुंचे, जहां मकान के अंदर अवैध रूप से भट्ठी लगाकर शराब निकाली जा रही थी। पुलिस ने मौके से शराब बनाने के उपकरण, तथा 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। वही पुलिस ने करीब 40 लीटर लहन को नष्ट करते हुए शराब कसीदगी करने वाले अजय पुत्र मेघ सिंह निवासी ग्राम तिलफरा ऐनाबाद थाना नानौता तथा नरेश पुत्र रतन सिंह निवासी ग्राम चंदेना थाना थानाभवन जिला शामली को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया।