ग्रामीण की हत्या कर शव तालाब में फेंका
गंगोह (सहारनपुर)। गांव मोहड़ा में घर से बुलाकर ग्रामीण की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, इसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया। सुबह ग्रामीणों ने तालाब के किनारे शव देखा तो पुलिस और परिजनों को सूचना दी। कोतवाल और सीओ ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र ने पड़ोस में ही रहने वाले एक व्यक्ति पर साथी के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सोमवार सुबह गंगोह कोतवाली के गांव मोहड़ा के ग्रामीणों ने तालाब के किनारे देवी मंदिर के पास गांव निवासी 55 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा पुत्र साधु राम शर्मा का शव पड़ा देखा। इसका पता लगते ही वहां ग्राम प्रधान मनोज शर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। परिजन भी खबर लगते ही मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हत्या की सूचना पर सीओ रामशरण सिंह और कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी राधेश्याम गांव पहुंचे। शव को बाहर निकलवाया गया। उसके सीने पर धारदार हथियार से वार किया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मौके पर पहुंचे मृतक के बेटे ने पुलिस के समक्ष आरोप लगाया कि गांव के ही सुनील ने उसके पिता की हत्या की है। वह रात एक बजे उसके पिता को घर से बुला कर ले गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी। आरोपी इससे पूर्व ही फरार हो गया। वहां आंगन में पड़ी चारपाई खून से सनी हुई थी। आसपास जमीन पर भी खून पड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि नामजद आरोपी सुनील शराब का आदि है। आरोपी ने रात में किसी बात पर विवाद होने के बाद सुरेंद्र की हत्या कर दी और शव को सामने ही तालाब में डाल दिया। सुरेंद्र के पुत्र ने आरोपी सुनील पर अपने एक अज्ञात साथी के साथ मिलकर उसके पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कार्यवाहक कोतवाल राधेश्याम ने बताया कि अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।