सहारनपुर। रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के ग्राम लालू माजरा निवासी महिला के पिता को गोली मारकर घायल करने वाले बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। महिला ने आईजी को प्रार्थनापत्र भेजकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
महिला राधा का कहना है कि गत दस मई की रात यमुना नगर से गेहूं बेचकर ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर लौट रहे उसके पिता चंद्रपाल पर लालू माजरा की पुलिया के निकट दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने गोली मार दी थी। भागते समय बदमाशों का बैग मौके पर गिर गया था, जिसमें शराब के किसी ठेके का रजिस्टर रखा हुआ था। लोगों ने उसके पिता को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत में सुधार न होने पर उन्हें चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। अभी तक उसके पिता की हालत में सुधार नहीं हो पाया, जबकि पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। आरोप है कि पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। राधा ने पुलिस महानिरीक्षक को शिकायत पत्र भेजकर आरोपियों पर कार्रवाई कराए जाने की मांग की है।