बेहट (सहारनपुर)। रात में चोरी हुई भैंस की तलाश कर रहे एक व्यक्ति को कादरपुर रोड पर आम के बाग में पेड़ के नीचे गोवंश की खाल एवं पास ही खून पड़ा मिला। उसने इसकी सूचना 100 नंबर पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और खाल को जमीन में दबवाने के साथ ही खून को मिट्टी से ढकवा दिया। ग्रामीणों में गोकशी को लेकर आक्रोश है।
मोहल्ला गाड़ान निवासी इसरार पुत्र हबीब रविवार की रात करीब 9 बजे मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए गया था। इस दौरान उसकी पशुशाला में बंधी भैंस चोरी कर ली गई। वापस आने पर उसे पशुशाला से भैंस चोरी का पता चला तो उसने इसकी आसपास तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। सुबह होने पर इसरार अपने घर के आसपास कादरपुर रोड स्थित आम के बागों में अपनी भैंस की तलाश कर रहा था। तलाश के दौरान उसे एक बाग में पेड़ के नीचे गोवंश की खाल और उसके पास काफी मात्रा में खून पड़ा मिला। उसने इसकी सूचना तुरंत 100 नंबर पर दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोवंश की खाल को गड्ढा खुदवाकर दबवाने के साथ ही खून को मिट्टी से ढकवा कर लौट आई। उधर, इस पूरी घटना की जानकारी मिलने के बाद भी कोतवाली पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कोतवाली पुलिस मौके पर नहीं गई। 100 नंबर पुलिस की गाड़ी मौके पर गई थी। कहा कि वे इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराएंगे।
ग्रामीणोें के अनुसार गोवंश की खाल एवं काफी मात्रा में पड़े खून से यह बात साबित हो रही है कि गोकशी हुई है लेकिन पुलिस गोकशी रोकने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।