सहारनपुर। मोहल्ला पठानपुरा के रामनगर निवासी आईटीआई के छात्र रोहित पाठक ने चाकू से हमला कर घायल करने का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के पठानपुरा के मोहल्ला रामनगर निवासी रोहित पाठक का कहना है कि वह आईटीआई में इलेक्ट्रानिक मैकेनिकल का छात्र है। आरोप है कि 24 अप्रैल को वह सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपनी क्लास में था। बीच में ही वह पानी पीने के लिए क्लास से बाहर निकला तो आईटीआई परिसर में ही बाहरी युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आईटीआई के कुछ छात्रों ने बीच-बचाव करा दिया। इस मामले में उसने अपने एक साथी को इस घटना के बारे में बताया। जिसने पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दे दी। उसके साथियों ने बताया कि पुलिस बाहर पहुंच गई है, वह तुरंत जाकर मिले। लेकिन जैसे ही वह गेट से बाहर निकला, आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसकी जेब में रखे 1200 रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने पुलिस को सूचना देने पर झूठे मामले में फंसाने की एवं जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में रोहित ने विशाल निवासी नानौता, सक्षम वर्मा निवासी ग्राम धनेड़ा, नागल, मोनू एवं रजत निवासी सदर कोतवाली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।