सहारनपुर। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मानकमऊ पुलिया से शहर के सट्टेबाजों समेत हथियारों के तीन सौदागरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चार हथियार बरामद किए हैं, जिन्हें वे सप्लाई के लिए ले जा रहे थे। इसके अलावा चरस और चोरी की बाइक भी बरामद की है।
कुतुबशेर पुलिस और अभिसूचना विंग प्रभारी जर्रार हुसैन को शहर में सप्लाई करने के लिए हथियार लाए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बताए गए स्थान मानकमऊ पुलिया पर पहुंची तथा चेकिंग शुरू कर दी। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि जब पुलिस चेकिंग कर रही थी, उसी समय एक बाइक पर तीन लोग आते हुए नजर आए। पुलिस चेकिंग होते देख तीनों वापस भागने लगे। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पुलिस ने तीनों के पास से दो तमंचे, एक आधा बंदूक, एक पिस्टल बरामद की है। इसके अलावा उनके पास से 120 ग्राम चरस तथा चोरी की बाइक भी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम गौरव वाटस निवासी स्वतंत्र नगरी धोबीघाट, मंडी कोतवाली सहारनपुर, शाहरुख निवासी मानकमऊ बड़ी नहर के पास तथा फजरुद्दीन निवासी ग्राम मिमलाना, मुजफ्फरनगर बताया।
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे लोग अंतर्राज्यीय स्तर के असलाह तस्कर हैं, जो अपने यहां से अन्य राज्यों में असलहों को बेचते हैं तथा वाहनों को भी चोरी करके बेचते हैं। ये लोग असलाह एवं बाइक को बेचने के लिये सहारनपुर में आये थे।
बुकी, असलाह और नशीले पदार्थों के तस्कर एवं वाहन चोर हैं
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से दो आरोपी गौरव वाटस एवं शाहरुख सट्टेबाज हें। गौरव वाटस शहर का प्रमुख बुकी है जो क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवाता है। दोनों ही नशीले पदार्थों की तस्करी भी करते हैं और अब हथियारों की भी तस्करी करने लगे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी 33 हजार रुपये में पिस्टल पांच हजार रुपये में आधा बंदूक तथा तीन हजार रुपये में तमंचा बेचते हैं।
फजरुद्दीन उपलब्ध कराता है असलाह
एसपी सिटी ने बताया कि मुजफ्फरनगर के मिमलाना निवासी फजरुद्दीन असलाह गौरव वाटस और शाहरुख को उपलब्ध कराता है और ये दोनों उनको मांग करने वालों तक सप्लाई करते हैं। आसपास के राज्यों में हथियारों की सप्लाई कर रहे थे। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फजरुद्दीन असलाह कहां से लाता है।
पहले भी जा चुके हैं जेल
एसपी सिटी ने बताया कि तीनों पहले भी जेल जा चुके हें। गौरव वाटस तो सन्नी चिड़ा का साथी रहा है और हत्या का भी आरोपी है। फिलहाल यह सट्टेबाजी में वांछित रहा है। जबकि शाहरुख और फजरुद्दीन भी पहले जेल जा चुके हैं। इन पर नगर कोतवाली, नानौता, सरसावा एवं मुजफ्फरनगर में कई मामले दर्ज हैं।
टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा
एसपी सिटी ने बताया कि असलाह के सौदागरों की गिरफ्तारी किए जाने पर एसएसपी द्वारा टीम को पुरस्कृत किए जाने का एलान किया गया है। जिसमें अभिसूचना विंग प्रभारी जर्रार अहमद, कुतुबशेर थाना प्रभारी दीपक चतुर्वेदी, उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह, राधेश्याम, पवन कुमार, विजय कुमार, कांस्टेबल पंकज, प्रभात कुमार, शमीम अहमद अभिसूचना विंग, अंकुर कुमार शामिल हैं।