प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर में घुसा अज्ञात व्यक्ति
देवबंद। प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर में शुक्रवार की रात्रि अज्ञात व्यक्ति घुस गया। जिसके बाद मंदिर कमेटी ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मंदिर का कोना-कोना छान मारा, लेकिन मंदिर में घुसा व्यक्ति पुलिस के हाथ नहीं आया।
मंदिर कमेटी के महामंत्री अशोक गुप्ता ने बताया कि पंडित बिजेंद्र नौटियाल ने शुक्रवार की रात्रि करीब पौने तीन बजे फोन कर बताया कि मंदिर में कोई अज्ञात व्यक्ति घुस आया है। जिसने उनके आवास से नीचे प्रांगण में जाने वाले दरवाजे की कुंडी लगा दी। सूचना मिलते ही मंदिर कमेटी के पदाधिकारी मंदिर पहुंचे तथा पुलिस को मामले की जानकारी दी। कुछ ही देर में सीओ सिद्धार्थ व कोतवाल उमेश कुमार रोरिया पुलिस बल के साथ मंदिर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर का कोना-कोना छान मारा लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। आशंका जताई जा रही है शोर शराबे से घबराकर अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते से फरार हो गया। अध्यक्ष विनोद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इसी मंदिर से स्वर्णिम रथ के साथ हर वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी से दूसरे दिन विशाल शोभायात्रा निकाली जाती है। इस वर्ष भव्य शोभायात्रा 5 सितंबर को निकाली जाएगी।