सहारनपुर। एनआरआई गुप्ता बंधुओं के एक दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर आयकर विभाग सहित अन्य केन्द्रीय एजेंसियों की टीमें पूरी रात फाइलें खंगालती रहीं। इसमें कुछ कैश सहित जमीन, ज्वैलरी से लेकर अन्य संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं। सबसे अहम इसमें 100 करोड़ की लागत से प्रस्तावित शिवधाम मंदिर को मिले विदेशी चंदे और कर्मचारी के खाते मेें डाली गई करोड़ों की रकम से जुड़ा क्लू है। इन बिंदुओं पर आयकर विभाग के साथ प्रवर्तन निदेशायल और कुछ अन्य केन्द्रीय एजेंसियों के शामिल होने की संभावना हे। आयकर विभाग ने गुप्ता बंधुओ के ठिकानों से मिले दस्जावेज और बिल आदि को कब्जे में ले लिया है। बुधवार की शाम को टीमें वापस हो गईं।
दक्षिण अफ्रीका में विवादों में घिरे एनआरआई अजय, अतुल और राजेश गुप्ता पर भारत में शिकंजा कसता नजर आ रहा है। मंगलवार की सुबह आठ बजे से सहारनपुर सहित देशभर में आयकर विभाग ने कुछ अन्य केन्द्रीय एजेंसियों के साथ छापेमारी शुरू की। पूरी रात टीमों ने आफिस और घरों के कोने-कोने की तलाशी लेकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी हासिल किया। बुधवार को ज्यादातर टीमें वापस हो गई और कागजात अपने साथ ले गईं। यहां बता दें कि गुप्ता बंधुओं में सबसे बड़े अजय गुप्ता का भारत में खासा रसूख हैं और यही कारण है कि उत्तराखंड सरकार की ओर से उन्हें विशेष सुरक्षा भी प्रदान की गई है। मगर, दक्षिण अफ्रीका में राष्ट्रपति जैकब जुमा के इस्तीफा देेने के बाद गुप्ता बंधुओं पर पहले दक्षिण अफ्रीका और अब भारत में शिकंजा कसा जाने लगा है। सहारनपुर में गुप्ता बंधुओं के घर और कार्यालय के अलावा उनके बहनोई पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री अनिल गुप्ता, भाजपा नेता अमर गुप्ता सहित कुछ अन्य लोगों की भी पड़ताल की गई है। सूत्रों की मानें तो निर्माणाधीन शिवधाम को विदेश से मिली सहायता राशि और कर्मचारी के खाते में डाले गए रुपये को मनी लांड्रिंग के तहत जांच कराए जाने की तैयारी है। बैंकाक के किसी याकूब ने शिवधाम को डेढ़ करोड़ रुपये की सहायता दी है। इसके अलावा परिवार के लोगों के खातों में ट्रांजेक्शन की गई है।
-----------------------------------
कर्मचारी के खाते में आए हैं 23 करोड़
वर्ष 2016 में गुप्ता बंधुओं की ओर से एक कर्मचारी के खाते में 23 करोड़ रुपये की धनराशि डाली गई। पहले तो इसे लोन दिखाया गया और इसके बाद उसे अनुदान के रूप में दिखा दिया। हालांकि इस दौरान कर्मचारी की मौत भी हो गई। ऐसे में केन्द्रीय एजेंसियां लेन देन और मौत को एक साथ कर जांच की तैयारी में हैं। इस मामले में सहारनपुर में कई लोगों से पूछताछ की गई और इसमें भी कई अहम बातें सामने आई हैं।
---------------------------
रिश्तेदार ने क्यों उठाया बाजार से पैसा
सूत्रों की मानें तो गुप्ता बंधुओं के बेहद करीबी रिश्तेदार ने बाजार से ब्याज पर पैसा उठाया है। सबसे अहम बात यह है कि यह रकम कई करोड़ रुपये भी हो सकती है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर गुप्ता बंधुओं के रिश्तेदार ने ब्याज पर पैसा क्यों लिया है। हालांकि अभी तक रुपये देने वाले सामने नहीं आए हैं, मगर इस पूरी पड़ताल में यह बात भी सामने आने से जांच की कड़ी जुड़ी है।
-----------------------------
श्मशान भूमि को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म
शहर में इन दिनों यह चर्चा है कि अक्षरधाम मंदिर श्मशान भूमि के पास ही बन रहा है। ऐसे में जब से इस जमीन के आसपास निर्माण शुरू हुआ है तो गुप्ता परिवार पर इस तरह की मुसीबतें आ रही हैं। दूसरी तरफ केन्द्रीय जांच टीमें शिवधाम मंदिर के ट्रस्टियों को राडार पर लिए है।