देवबंद (सहारनपुर)। विद्युत निगम के अधिकारियों ने निगम के बकाया करीब साढ़े चार लाख रुपये जमा न किए जाने के चलते मनोहरपुर गांव के आठ लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुधवार को निगम के उपखंड अधिकारी अमित कुमार त्यागी के नेतृत्व में टीम बकाया वसूली के लिए मनोहरपुर गांव पहुंची। जहां ओमप्रकाश, ईश्वर दयाल, हरपाल, सुबोध, राजकुमार, ऋषिपाल, रुपेश और मोहकम सिंह आदि से बकाया जमा करने को कहा गया, लेकिन किसी ने भी बकाया धनराशि जमा नहीं की। अमित कुमार त्यागी के मुताबिक उक्त लोगों पर करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बकाया चल रहा है। कई बार बकाया जमा करने के लिए उन्हें नोटिस भी दिया गया, लेकिन हर बार उन्होंने इसे अनदेखा कर दिया। उन्होंने बताया कि अवर अभियंता राजकिशोर ने कोतवाली में तहरीर देकर सभी लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हेल्पर पर टाटा मैजिक चोरी करने का आरोप, तहरीर दी
देवबंद। कोहला बस्ती के एक व्यक्ति ने हेल्पर पर टाटा मैजिक चोरी करके ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
कोहला बस्ती निवासी अब्दुल ने पुलिस को बताया कि उसने अपना टाटा मैजिक मोहल्ला शाहजीलाल स्थित ट्रक यूनियन के पास खड़ा हुआ किया था। आरोप है कि मंगलवार को मुजफ्फरनगर के जनकपुरी निवासी हेल्पर उसे चोरी करके फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
अलग अलग मामलों में तीन जेल भेजे
देवबंद। कोतवाली पुलिस ने अब्दुल्लापुर निवासी राजेश को 10 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जबकि पत्नी के साथ मारपीट के आरोप में नेचलगढ़ निवासी खुर्रम को और गोपाली गांव निवासी ओमपाल का मारपीट के मामले में शांतिभंग की धारा में चालान किया है।