चिलकाना (सहारनपुर)। एनजीटी की रोक के बावजूद यमुना नदी में खनन माफिया खुलेआम बेखौफ होकर अवैध खनन करा रहे हैं। मंगलवार की रात थाना चिलकाना पुलिस ने यमुना नदी में अवैध खनन किए जाने की सूचना पर मौके पर अवैध खनन कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को मौके से खनन सामग्री से लदा एक डंपर भी मिला, जिसे पुलिस थाने ले आई।
थाना प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि मंगलवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग यमुना नदी के मंझार घाट पर अवैध खनन कर रहे हैं। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो अवैध खनन कर रहे लोग भाग खड़े हुए। पुलिस ने दो लोगों को पीछा करने के बाद पकड़ लिया। मौके से पुलिस को खनिज सामग्री से भरा एक डंपर भी मिला। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों गांव दुमझेड़ा निवासी रोशन पुत्र बहादुर तथा गांव पटनी निवासी मोहसिन पुत्र रियासत को डंपर समेत थाने ले आई। थाना प्रभारी ने बताया कि डंपर को सीज करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया है। डंपर और आरोपियों को छुड़ाने के लिए दिन भर नेता और दलाल थाने के चक्कर काटते रहे।