युवती को जहर देने का आरोप लगा, हंगामा
नकुड़ (सहारनपुर) । सिरफिरे युवक व उसके साथियों पर युवती को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए मृतका के परिजनों ने शव कोतवाली के बाहर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर बामुश्किल ग्रामीणों को शांत कर जाम खुलवाया।
बता दें कि बृहस्पतिवार की दोपहर गांव मल्हामाजरा उर्फ माजरी में एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर को सेवन कर लिया था। सूचना पर पुलिस ने युवती को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया था तथा वहां उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई थी। युवती की आने वाली दो जुलाई को शादी होना तय थी। शुक्रवार को करीब चार बजे युवती के परिजन अन्य ग्रामीणों को साथ लेकर कोतवाली पहुंचे और युवती के शव को कोतवाली के बाहर रखकर जाम लगा दिया। मृतका के भाई मुकेश का कहना था कि गांव का ही एक युवक उसकी बहन से एक तरफा प्यार करता था तथा आने वाली दो जुलाई को युवती की होने वाली शादी से क्षुब्ध था। इसके चलते आरोपी युवक ने धोखे से उसकी बहन को फोन करके गांव से बाहर बुला लिया और अपने परिवार के अन्य चार सदस्यों के साथ मिलकर उसे जहर दे दिया। किसी तरह उसकी बहन घर पहुंची और सारी बात परिजनों को बताई। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस को दे युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और कोतवाली के बाहर काफी देर तक जाम लगाए रखा। उधर, कोतवाल संजय वर्मा का कहना था कि मृतका के परिजनों ने बिना तहरीर दिए ही जाम लगा दिया था। मृतका के भाई की ओर से तहरीर मिली है, उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया तथा रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। प्रदर्शनकारियों में पवन, सुरेशो, मुकेश, रवि, नैनसिंह, विक्की, शिवकुमार, शिब्बू, नरसिंह, बिरमवती, कमलेश, व गीता आदि शामिल रहे।