हंगामा किया तो 36 घंटे बाद की गई हत्या की एफआईआर
सहारनपुर। अपहरण कर हत्या के मामले में भी पुलिस ने हीलाहवाली दिखाई। शव मिलने के दूसरे दिन की शाम तक भी मामला दर्ज नहीं किया गया। गांव के लोगों ने थाना पहुंचकर हंगामा किया। मामला बढ़ता देख मंगलवार की शाम को एफआईआर दर्ज की गई।
ग्राम रेड़ी मलकपुर निवासी रवि की रविवार की रात को अगवा कर हत्या कर दी गई थी और शव को गायब कर दिया गया था। सदर बाजार कोतवाली में परिजनों ने सूचना दी थी, रविवार की रात लगभग 11 बजे गुमशुदगी दर्ज की गई। सोमवार की सुबह 6 बजे थाना चिलकाना क्षेत्र के ग्राम कातला के निकट रवि का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी करा दिया। रिपोर्ट भी सोमवार को ही आ गई, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। मंगलवार को सुबह ही गांव के लोग एकत्रित होकर सदर कोतवाली पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। परिजनों का आरोप है कि थाना पुलिस विपक्षियों से साठगांठ कर रही है। बार-बार तहरीर को बदलवाया जा रहा है। उन पर समझौते के लिए भी दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या के आरोपियों के परिवार का संबंध पुलिस से है। जिस कारण सदर बाजार कोतवाली पुलिस उन्हें बचाने में लगी हुई है। मंगलवार की शाम 6 बजे तक भी उनकी तहरीर नहीं ली गई। जिस पर लोग आक्रोशित हो उठे और हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने मंगलवार की शाम छह बजे के बाद एफआईआर दर्ज की। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एफआईआर के समय में खेल कर दिया है। एफआईआर सुबह की लिखी दिखाकर फजीहत से बचने का प्रयास कर रही है। जानबूझकर आरोपियों को मौका दिया जा रहा है। इस संबंध में सदर कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा का कहना है कि मृतक के परिजन तहरीर लेकर घूमते रहे, कभी वकील को लेकर तो कभी किसी और को लेकर थाना पहुंचे। जब उन्होंने तहरीर दी, तभी मामला दर्ज कर लिया गया।