सहारनपुर। मोहल्ला अंसारियन में पहली पत्नी की खातिर दूसरी पत्नी को पति ने जहरीला पदार्थ खिला दिया। विवाहिता के भाई ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला अंसारियान निवासी व्यक्ति के मुताबिक उसकी बहन की शादी हबीबगढ़ निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। तब उस व्यक्ति ने बताया था कि उसने अपनी पहली पत्नी को तलाक दे दिया है। उसकी बहन की भी दूसरी शादी थी। दस माह से बहन अपने मायके में रही थी। पिछले दिनों बहनोई घर आया और कहने लगा कि उसने पहली पत्नी को तलाक नहीं दिया है। आरोप है कि बहनोई ने उसकी बहन को जबरन विषाक्त पदार्थ खिला दिया। उसकी बहन एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ़ रही है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली मंडी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही पुलिस
सहारनपुर। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद थाना जनकपुरी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। महिला ने सीओ से कार्रवाई की मांग की। केशवनगर निवासी रेणू धीमान का आरोप है कि एक व्यक्ति संस्था के नाम पर गलत कार्य कर रहा है। कोर्ट के माध्यम से आरोपी के खिलाफ थाना जनकपुरी में रिपोर्ट कराई थी, लेकिन पुलिस ने आरोपी को आज तक गिरफ्तार नहीं किया। सीओ को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की।