बेहट (सहारनपुर)। थाना मिर्जापुर क्षेत्र में तीन बदमाशों ने एक ग्रामीण से पांच हजार रुपये, मोबाइल और एक महीने पहले खरीदी गई बाइक लूट ली। पीड़ित बदमाशों के जाने के बाद बादशाहीबाग पुलिस चौकी पर पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
गांव फैजाबाद निवासी शकील किसी काम से हिमाचल प्रदेश के कुल्हाल पांवटा साहिब गया था। शाम के करीब साढ़े चार बजे जब वह खारा परियोजना वाले रास्ते से बाइक पर वापस लौट रहा था, तो परियोजना से एक किमी पहले वन विभाग की चेकपोस्ट के पास उसे तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर आतंकित करते हुए रोक लिया और उसे डरा धमका कर उससे पांच हजार रुपये, मोबाइल और बाइक लूट ली। बदमाशों के जाने के बाद शकील पैदल ही खारा परियोजना पहुंचा और यहां से किसी की बाइक पर बैठकर थाना मिर्जापुर की बादशाहीबाग पुलिस चौकी पर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पीड़ित के अुनसार बदमाशों द्वारा लूटी गई बाइक उसने एक महीना पहले ही खरीदी थी।