ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर खूनी संघर्ष, पांच घायल
देवबंद (सहारनपुर)। अंबहेटा शेखां गांव में ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को दौड़ा दिया और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
अंबहेटा शेखां गांव निवासी अहसान और शादाब के बीच शनिवार को ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय तो मामला निपट गया। रविवार को इसी रंजिश में फिर से दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें अहसान का पिता मंगता और मां आसमां समेत दूसरे पक्ष का शादाब, सोबान और मन्नान घायल हो गए। सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसएसआई देवेंद्र सिंह ने दोनों पक्षों के लोगों को दौड़ा दिया। जिसके बाद उन्होंने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से नाजुक हालत के चलते मंगता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में अहसान ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि शनिवार को कहासुनी होने के बाद शादाब अपने साथी सोबान, मन्नान, गुलफाम और आशू के साथ घर में घुस गया तथा पिता मंगता के साथ मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं बीच बचाव को आई मां आसमां को भी मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष के शादाब का कहना है कि अहसान पक्ष के लोगों ने गाली गलौज करते हुए उन पर लाठी डंडों और तेज धारदार हथियार से हमला किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।