बंद मकानों में लगाई सेंध, नगदी जेवरात ले गए चोर
गंगोह (सहारनपुर)। क्षेत्र में बंद पड़े मकानों में सेंध लगाकर चोरों ने नगदी, जेवरात सहित एक लाख से अधिक का सामान साफ कर दिया। घर लौटने पर घटनाओं का पता चलने के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। क्षेत्र के लोगाें का कहना है कि त्योहार आते ही चोर सक्रिय हो गए हैं। चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इन पर जल्द अंकुश लगाया जाए।
नगर के मोहल्ला गुजरान निवासी विनोद कुमार परचून की दुकान करता है। शुक्रवार को वह अपनी बीमार बेटी को दिखाने के लिए देहरादून गया था। वहां उसे एडमिट कर लिया गया। विनोद रात को घर सोने के लिए अपनी माता को कहकर चला गया जो दिन में अपने छोटे बेटे के पास रहती है। शनिवार सुबह उसकी माता जी मकान का ताला लगाकर छोटे बेटे के पास चली गई। शाम को जब वह वहां सोने आई तो मकान का सारा सामान बिखरा देखकर हैरान रह गई।
माना जा रहा है कि चोर दिन में ही छत के रास्ते आए और ताले तोड़कर घर का सारा सामान खंगाल लिया। रविवार को विनोद के आने पर पता लगा कि चोर मकान से नकदी और जेवर ले गए। एक अन्य घटना मोहल्ला कानूनगोयान में हुई। इसी मोहल्ले में शिव कुमार और राजकुमार दोनों भाइयों का मकान है। उनके मकान का निर्माण चल रहा है। इसलिए उन्होंने अपना सारा सामान अपने सामने के मकान में रख रखा है। इस मकान मालिक भी अन्य स्थान पर रह रहा है।
रविवार सुबह जब वह सोकर उठे तो सामने वाले मकान का ताला टूटा देखा। वहां दरवाजा भी थोड़ा खुला था। यह देखकर परिवार के सभी लोग जाग गए तथा मकान में अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा था। चोर पूरे मकान को खंगालकर एक लाख से ज्यादा का सामान ले गए। पड़ोस में लगे सीसी कैमरे में आया कि चोर तड़के तीन बजे ताला तोड़कर मकान में घुसे तथा करीब पांच बजे चले गए। माना जा रहा है कि चोरों ने सामान पिछले रास्ते से उतारा। दोनों पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है।