सहारनपुर। कबाड़ के कारोबार को लेकर चल रहे विवाद में कबाड़ व्यापारी के रिश्तेदार ने ही सरे राह चाकू से गोदकर हत्या की थी। मृतक व्यापारी के पुत्र ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शाहजी सराय निवासी कबाड़ कारोबारी अब्दुल रहीम (48 वर्ष) पुत्र फजलुर्रहमान मंगलवार की रात लगभग पौने नौ बजे पुल बंजारन स्थित अपनी कबाड़ की दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था। जब वह कुतुबशेर थाना क्षेत्र स्थित बुड्ढी माई चौक पर पहुंचा तो कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और चाकू से हमला कर घायल कर दिया था। अस्पताल ले जाते समय अब्दुल रहीम की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक अब्दुल रहीम के पुत्र शफात ने मोहल्ला बंजारान निवासी इमरान, थाना मंडी के पुल बंजारन के आलम तथा आमिर के खिलाफ कुतुबशेर थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। शफात का आरोप है कि तीनों हत्यारोपियों ने कारोबारी रंजिश में उसके पिता की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। उस समय दोनों बाप बेटा अपनी दुकान बंद कर घर की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रात में ताबड़तोड़ दबिश दी, लेकिन एक भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि कारोबार को लेकर कई दिन से इनमें विवाद चल रहा था। इस विवाद में एक बार समाज के कुछ जिम्मेदार लोगों ने इनमें समझौता कराने का भी प्रयास किया था, लेकिन समझौते पर दोनों में सहमति नहीं बन सकी थी।