नानौता(सहारनपुर)
दुल्हेंडी के दिन नगर के मोहल्ला अफगानान में किसी बात को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए। इसमें दोनों पक्षों से महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस आनन फानन में मौके पर पहुंची और लोगों को खदेड़ा। पुलिस ने देर शाम तक स्थिति को काबू किया। मामला दो संप्रदायों का होने पर एसपी देहात सहित आस पास के थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक ने दोनों पक्षों के 14 लोगों को नामजद करते हुए एक सौ अज्ञात लोगों के विरुद्ध संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संघर्ष में गंभीर रूप से घायल दादी-पौत्र सहित तीन को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
शुक्रवार की दोपहर करीब 1:30 नगर के मोहल्ला अफगानान में निवासी मयूर पुत्र एजाज बाइक लेकर वहां खड़ा हो गया जहां सभी होली खेल रहे थे। इसी दौरान विशाल पुत्र चमन ने मयूर से कहा कि यहां उस पर कोई भी रंग डाल सकता है, इसलिए वह यहां न आए। जिस पर दोनों में बहस शुरू हो गयी। और देखते ही देखते दोनों में मारपीट होने लगी। इसी बीच मारपीट बवाल में बदल गयी। दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग हाथों में लाठी-डंडे र्व इंट-पत्थर लेकर मौके पर जमा हो गए। दोनों पक्षों की तरफ से पथराव हुआ। बवाल की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह मय पुलिसफोर्स मौके पर पहुंचे और लोगों को लाठियां फटकारते हुए खदेड़ा और घायल बालक आदित्य पुत्र विपिन, बालक अंशुल पुत्र अरविंद, संतोष पत्नी जयचंद, सावित्री पत्नी नाथीराम, नन्ही पत्नी अशरफ, शेरखान पुत्र इस्लाम तथा परवेज पुत्र जाहिद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गंभीर रूप से घायल आदित्य व उसकी दादी संतोष तथा अंशुल को जिला चिकित्साल्य रेफर किया गया। एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, सीओ गंगोह राजेन्द्र सिंह सहित आस-पास के तीन थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी गंगोह राजेंद्र सिंह ने एनाउंस किया कि यदि कोई घर से बाहर निकला तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर देर रात तक भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। वहीं मामले को लेकर पूर्व चेयरमैन अफजाल खान, सरफराज अख्तर (वर्तमान चेयरमैन पति), भाजपा नेता विवेक नामदेव, नवेद अख्तर बबली, भाजपा नेता अश्वनी बालियान, अकरम खान सहित काफी संख्या में नगर के जिम्मेदार लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से वार्ता करते हुए दोनों पक्षों के लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह द्वारा पुलिस कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के मयूर पुत्र एजाज, शाहरूख पुत्र एजाज, शोएब पुत्र एजाज, ललतू पुत्र शमीम, शेरखान उर्फ कालू पुत्र इस्लाम, परवेज पुत्र जाहिद, सम्मन पुत्र यासीन, विशाल पुत्र चमन फौजी, सागर पुत्र सूरजभान, चिचू पुत्र ताराचंद, रजत पुत्र चिचू, मोहित पुत्र राजकुमार, राजेंद्र पुत्र वीर सिंह, राममोहन पुत्र राजेंद्र सिंह को नामजद करते हुए 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
वहीं बबली पत्नी विपिन ने दो युवकों पर उसके घर में घुसकर नहाते समय लड़कियों से छेड़खानी करने और उनके फोटो खींचने व विरोध करने पर 30-40 लोगों पर ईंट पत्थर मार कर घायाल करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। जबकि दूसरे पक्ष की ओर से देर शाम तक तहरीर नहीं दी गई।