बेहट (सहारनपुर)। गदेवड़-चिलकाना मार्ग से देर रात घर लौट रहे बाइक सवार युवक का बदमाशों ने अपहरण कर लिया। बदमाश उसे गन्ने के खेत में ले गए और उसके परिजनों को फिरौती के लिए फोन कराया। इसी बीच बदमाशों को नींद आने पर अपहृत युवक भागकर निकटवर्ती गांव लोदीपुर में अपनी रिश्तेदारी में पहुंच गया। लूटी गई बाइक शुक्रवार को गन्ने के खेत से मिली।
घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के अमादपुर गांव निवासी अथहर अली को चको गांव से आते समय कवादपुर गांव के सामने तीन बदमाशों ने बाइक रुकवा कर अगवा कर लिया। अथहर के चाचा मशरूफ ने बताया कि बदमाश अथहर को बाइक समेत लोदीपुर गांव के जंगल में ले गए। बदमाशों ने उसकी बाइक को यहां एक गन्ने के खेत में छिपा दिया और अथहर को लेकर पास ही बनी एक समाधि के पास बैठ गए। बकौल मशरूफ बदमाशों ने अथहर के मोबाइल फोन से उनके घर पर फोन कर तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी। उनके समझने में फर्क रहा और वह कुछ ग्रामीणों के साथ लेकर चिलकाना के पठेड़ पहुंच गए। यहां से अथहर की तलाश करने बाद वह वापस आकर घटनास्थल पर पहुंचे। सुबह के करीब 4 बजे बदमाशों को नींद आ गई और अथहर मौका पाकर वहां से भाग निकला। वह भागते हुए लोदीपुर गांव में रिश्तेदारी में चला गया। रिश्तेदारों ने उन्हें फोन कर सूचना दी, कि अथहर यहां पहुंच गया है। वह लोदीपुर पहुंचे और यहां से अथहर को लेकर गांवों चले गए। बृहस्पतिवार की सुबह वह ग्रामीणों को साथ लेकर कोतवाली बेहट आए और अथहर की तरफ से घटना की तहरीर पुलिस को दी। शाम के समय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। शुक्रवार की सुबह लोदीपुर के ग्रामीणों ने एक गन्ने के खेत में बाइक खड़ी देखी। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पीड़ित और उसके घर वालों से बाइक की शिनाख्त कराई गई। मुशर्रफ ने बताया, कि बाइक उसके भतीजे अथहर की है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक छोटे सिंह ने बताया, कि वह घटना की जानकारी करा रहे है। कार्रवाई की जाएगी।