पांच किग्रा डोडा पोस्ट के साथ अंतरराज्यीय लुटेरा गिरफ्तार
नकुड़ (सहारनपुर)। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय लुटेरे को पांच किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी पर विभिन्न थानों में लूट आदि के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं।
कोतवाल यशपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नकुड़-गंगोह रोड से शातिर लुटेरे सरफराज पुत्र अकबर निवासी मोहल्ला नागान, अंबेहटा को पांच किलो डोडा पोस्त के साथ पकड़ा है। कोतवाल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी एक अंतरराज्यीय लुटेरा है। इस पर उत्तराखंड और यूपी के विभिन्न थानों में लूट एवं चोरी आदि के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। आरोपी पर वर्ष 2016 में थाना कुतुबशेर पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की गई थी। पुलिस ने उस पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
आरोपी पर दर्ज मुकदमे
- जून 2016 में अपनी पत्नी रेशमा उर्फ साहिबा के साथ मिलकर संगीता राणा निवासी रामपुरी कालेानी, सहारनपुर से छह हजार रुपये, मोबाइल, पेन और एटीएम कार्ड आदि लूटाने का मामला
- मई 2016 में सहारनपुर के चंद्रनगर निवासी पुष्पेंद्र चौधरी से मोबाइल और पर्स लूटाना
- जून 2016 में सहारनपुर के चर्च मिशन कंपाउंड बाजोरिया रोड जनकपुरी निवासी मैरीस्टेला मिंज से रुपयों से भरा बैग और मोबाइल लूट का मामला
- मार्च 2017 में हरिद्वार निवासी डा. हितेंद्र कुमार की कार चोरी करना
- जुलाई 2017 में अपने तीन साथियों के साथ तमंचे के बल पर हरिद्वार के ही शिवालिक नगर निवासी विकास कुमार की ज्वैलर्स की दुकान से 37 हजार रुपये की नगदी और सोने चांदी के आभूषण लूटना भी स्वीकारा।