गागलहेड़ी (सहारनपुर)। दया शुगर मिल में तैनात सुरक्षा गार्ड ने कम वेतन का आरोप लगाते हुए ब्रांच मैनेजर और एरिया मैनेजर के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद मिल अफसरों ने गार्ड को पुलिस को सौंप दिया। हालांकि बाद में मामले में समझौता हो गया।
गागलहेड़ी स्थित मिल में एसआईएस सिक्योरिटी कंपनी के कर्मचारी तैनात हैं। बताया जाता है कि सोमवार को एक गार्ड ने निर्धारित वेतन से कम देने और आठ के बजाए 12 घंटे ड्यूटी करवाने की शिकायत कंपनी अधिकारी को की थी। इस पर समस्या के निदान के लिए सोमवार की शाम एरिया मैनेजर राघवेंद्र प्रजापति और ब्रांच मैनेजर विकास कुमार मिल परिसर पहुंचे थे। आरोप है कि यहां गार्ड ने दुर्व्यवहार करते हुए उनके साथ मारपीट कर डाली। इससे मिल में खलबली गई। अन्य कर्मचारियों की मदद से गार्ड को पकड़ कर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया गया। एसओ सुशील कुमार ने फैसले की पुष्टि की।