चार बदमाशों को जेल भेजा
अंबेहटा (सहारनपुर)। पुलिस ने एक बाग में चोरी की योजना बना रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तमंचा, कारतूस सहित चोरी के प्रयोग में आने वाला अन्य सामान भी बरामद किया। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है।
चौकी प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि शनिवार रात कारीब साढ़े दस बजे सूचना मिली कि कुछ लोग एक बाग में बैठकर चोरी की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने इस्लामनगर रोड पर स्थित फूलगढ़ गांव के पास बाग में छापा मारा। पुलिस यहां से चार लोगों को गिरफ्तार कर चौकी पर ले लाई। इनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, तीन छुरी, पेंचकस और चाबी का गुच्छा बरामद किया है।
चौकी प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि बदमाशाें की पहचान फरमान निवासी गांव सिरसला, मुत्तसीर पुत्र शमशाद, रईस पुत्र नसीम व नूर हसन उर्फ बोना पुत्र सरवर सभी निवासीगण खेडा अफगान के रूप मे हुई है। चौकी प्रभारी ने बताया कि पूछताछ पर फरमान व मुत्तसीर ने 16 दिन पूर्व खेडा अफगान में अनमोल गुप्ता की दुकान में हुई चोरी में शामिल होना भी कबूल कर लिया है। फरमान ने बताया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों की मदद से अनमोल गुप्ता की दुकान में चोरी की थी तथा वहां से इनके हाथ 10 हजार रुपये और एक मोबाइल लगा था। पुलिस ने 1200 रुपये की नगदी भी बरामद कर ली। चौकी प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों में शामिल रईस हिस्ट्रीशीटर है तथा 302 के एक मामले में मुल्जिम है। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है।