शाकंभरी (सहारनपुर)। जसमौर गांव में बृहस्पतिवार की रात एक महिला की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी दिनेश कुमार ने भी मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मृतक महिला के पति की तहरीर पर गांव के ही एक युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव जसमौर निवासी राशिदा (35) पत्नी जब्बार अपने दो बच्चों जुबैर (11) व जैद के साथ रहती थी। उसका पति उत्तराखंड के विकासनगर में किसी बैंड में काम करता है। रात करीब 11 बजे गांव के ही युवक ने घर में घुसकर राशिदा की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे राशिदा के ससुर ने आरोपी युवक को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह भाग निकला। राशिदा के ससुर ने कमरे में जाकर देखा, तो राशिदा बेड पर लहूलुहान हालत में मृत पड़ी थी। उन्होंने इसकी सूचना जब्बार को दी। मौके पर पहुंचे जब्बार ने पुलिस को फोन किया। एसएसपी दिनेश कुमार ने भी मौका ए वारदात पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और कोतवाली पुलिस को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतका के पति जब्बार की तहरीर पर जसमौर निवासी अंकित पुत्र यशपाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक महिला के पति एवं अन्य परिजनों ने बताया, कि जब्बार की गैरमौजूदगी में अंकित राशिदा के पास आता था। उन्होंने अंकित को कई बार मना भी किया, कि जब्बार की गैरमौजूदगी में राशिदा के घर मत आया कर, लेकिन वह नहीं माना। परिजनों का यह भी कहना था, कि अंकित ने राशिदा से ढाई लाख रुपये लिए थे, अब राशिदा की बहन की शादी थी, राशिदा ने अंकित से रुपये वापस मांगे थे। शायद इसी वजह से उसने राशिदा का कत्ल कर दिया।