सहारनपुर। मंडी कोतवाली क्षेत्र में एक माह पूर्व मिली बृजेश की सिर काटकर की गई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के ही एक दोस्त को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। नशे में धुत होकर गाली गलौज करने पर दोस्तों ने ही बृजेश की गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया है।
मंडी कोतवाली क्षेत्र की अमन विहार कालोनी में 28 मार्च की रात को एक युवक की सिर कटी लाश मिली थी। दूसरे दिन मृतक की शनाख्त मोहित विहार कॉलोनी निवासी बृजेश उर्फ बंसी के रूप में हुई थी। तभी से पुलिस हत्यारों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी थी। मंडी कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस ने सूचना पर मंडी समिति मार्ग से एक युवक को पकड़ा और पूछताछ की तो हत्याकांड का खुलासा हो गया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम ग्राम मूंगागढ़ निवासी मनोज बताया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बृजेश उसका दोस्त था। उसने बताया कि अपने एक अन्य साथी मुन्ना निवासी गणेश विहार कॉलोनी के साथ मिलकर बृजेश उर्फ बंसी की हत्या की थी। उसने बताया कि घटना वाले दिन बाबा लाल दास मार्ग पर शोभायात्रा निकल रही थी। जिसमें बृजेश उर्फ बंसी शराब के नशे में धुत होकर लोगों से गाली गलौज कर रहा था। उस समय तो मनोज और मुन्ना ने उसे वहां से हटा दिया।
उसी दिन शाम को मनोज और मुन्ना को पुराना कलसिया मार्ग पर फिर बृजेश मिल गया। उस समय तीनों ही शराब के नशे में थे। गाली गलौज को लेकर उनमें फिर से कहासुनी हो गई। जिस पर दोनों बृजेश को पास ही एक अधबने मकान में ले गए। जहां दाव से उसकी गर्दन धड़ से अलग कर दी थी और फरार हो गए थे। उन्होंने हत्या के बाद दांव को पास की ही झाड़ियों में फेंक दिया। जिसे पुलिस ने मनोज की निशानदेही पर बरामद कर लिया है। पुलिस ने मनोज को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। जबकि फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी की तलाश की जा रही है।