तीतरों (सहारनपुर)। पुलिस ने चेकिंग के दौरान गोमांस लेकर जा रही पांच गाड़ियों को को पकड़ कर उसमें रखा 56 क्विंटल मांस बरामद किया। पुलिस ने पांचों गाड़ियों को जब्त कर लिया, जबकि आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार को सुबह तीतरों थानाध्यक्ष अरुण पंवार के नेतृत्व में पुलिस टीम गंगोह तीतरों मार्ग पर गांव रादौर के निकट वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान गंगोह की ओर से चार बुलेरो एवं एक टाटा गाड़ी बड़ी तेजी में आ रहे थे। पुलिस ने चेकिंग के लिए उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन चालकों ने गाड़ियां रोकने की बजाय उनकी रफ्तार बढ़ा दी। इस पर पुलिस ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर जाकर ओवरटेक कर गाड़ियों को रोक लिया। पुलिस ने पांचों गाड़ियों की तलाशी ली तो उसमें गोमांस भरा हुआ मिला। जिस पर पुलिस ने गाड़ियों को जब्त कर लिया और चालक एवं क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गाड़ियों से 56 क्विंटल गो मांस बरामद किया। गंगोह से आई पशु चिकित्सकों की टीम में डा. मनीष शर्मा, डा. विनय कुमार, डा. तीर्थपाल ने मीट की जांच की। इसमें मीट गौवंश और भैंस का होने की पुष्टि हुई है। इसका सैंपल लैब को भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम बाबू अहमद, जाबिर, आशु अहमद निवासी गंगोह, अल्लामेहर, कैफ अली निवासी मुज्जफरनगर, इमरान निवासी दिल्ली, शहजान गांव चकवाली थाना रामपुर, इलियास निवासी गाजियाबाद बताया।