तमंचों के साथ आरोपी गिरफ्तार
बेहट (सहारनपुर)। कोतवाली पुलिस ने रविवार रात बेहट बस स्टैंड से एक व्यक्ति को तमंचों के साथ पकड़ा। इसके अलावा रंडौल गांव में शराब की भट्टी पकड़कर 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इस दौरान इस धंधे में लगे आरोपी फरार हो गए।
कोतवाली प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति बस स्टैंड पर खड़ा है। उसके पास अवैध हथियार हैं। इस पर एसएसआई सुशील कुमार टीम के साथ पहुंचे। बताए गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर के दो तमंचे बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम राजू राणा निवासी गांव मानकपुर बताया। आरोपी ने बताया कि उसने दोनों तमंचे थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव पाल्ली निवासी मामू से खरीदे थे। वह इन्हें बेचने के लिए बेहट आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसका चालान कर दिया।
उधर, पुलिस ने गांव रंड़ौल के जंगल में कच्ची शराब की भट्टी चलते पकड़ी। शराब की कसीदगी कर रहे संजीव उर्फ पिंटा और मांगेराम निवासी रंड़ौल भाग निकले। पुलिस के मौके से कुछ उपकरणों के साथ 20 लीटर कच्ची शराब एवं करीब एक हजार लीटर अधबनी शराब भी बरामद की।