ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी
सहारनपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के गलीरा मार्ग स्थित न्यू लक्ष्मी पुरम कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी में रखे लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। परिवार घर का ताला लगाकर दवा लेने के लिए दिल्ली गया था।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गलीरा रोड पर न्यू लक्ष्मी पुरम कॉलोनी निवासी योगेश कुमार घर का ताला लगाकर अपनी पत्नी सुनीता के साथ दवा लेने के लिए दिल्ली गए थे। जबकि अपने दोनों बच्चों को एक रिश्तेदार के यहां छोड़ गए थे। मंगलवार रात में चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और घर में घुसकर पूरे घर को खंगाल डाला। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर अलमारी में रखे आभूषण से भरा बॉक्स चोरी कर लिया। बुधवार की सुबह पड़ोसियों ने मकान के ताले खुले होने की सूचना योगेश के बड़े भाई सतीश को दी। जिस पर सतीश मकान पर पहुंचा। जहां सामान बिखरा और ताले टूटे पड़े मिले। सतीश ने घटना की सूचना योगेश को दी। सतीश ने बताया कि चोरों ने घर में रखे सोने के दो जोड़ी कंगन, अंगूठी, मंगलसूत्र, टीका, चांदी की एक जोड़ी पायल, जस्ती बंद चोरी कर लिया। जिनकी कीमत लाखों रुपये में बताई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। सतीश ने इस मामले में सदर कोतवाली में तहरीर दी है।