सहारनपुर। गंगोह थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने असलहा समेत नकदी और आभूषण चोरी के दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से नकदी, आभूषण, मोबाइल फोन एवं चोरी किए गए लाइसेंसी असलहा बरामद कर लिया है।
गंगोह में 24 नवंबर की रात सेवाराम के मकान में घुसकर लाइसेंसी रिवाल्वर, लाइसेंसी राइफल, कारतूस, सोने के आभूषण, तीन एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया था। पुलिस चोरों को तलाश करने में लगी थी।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को गंगोह पुलिस, सर्विलांस टीम को गुड़छप्पर रोड पर स्कूल के सामने बाग में नलकूप पर कमरे में बदमाशों के होने की सूचना मिली। गंगोह थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, सर्विलांस प्रभारी मुबारिक हसन तथा स्वाट टीम प्रभारी बिजेंद्र रावत के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर ली। मौके से मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी शमशाद निवासी मोहल्ला इलाही बख्श निकट मदरसा गंगोह तथा शाहनवाज निवासी गांठों का चौक साजिद की चौकी गंगोह निवासी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई रिवाल्वर, राइफल, कारतूस, लगभग चार लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण, चोरी किया गया मोबाइल फोन एवं 10,500 रुपये बरामद किए है। एसएसपी ने बताया कि शमशाद पर पहले भी चोरी, लूट के कई मामले दर्ज हैं और पूर्व में वह जेल भी जा चुका है।