सरसावा (सहारनपुर)। अंबाला रोड पर मंगलवार रात हुई ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर लगने से नगर के एक व्यापारी की मौत हो गयी। मृतक व्यापारी के परिजनों ने एक ट्रैक्टर चालक के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद एफआईआर कराई है।
मोहल्ला अफगानान निवासी मनोज गुप्ता (38 वर्ष) अपने चाचा के साथ मेन बाजार में किरयाने का व्यापार करते थे। मंगलवार रात दुकान बंद कर मनोज बाइक से किसी काम से अंबाला रोड पर गए थे। रात लगभग 10 बजे मनोज को शिवालिक बैंक के पास सामने से आ रही एक ट्रैक्टर ट्राली ने विपरीत दिशा में जाकर टक्कर मार दी। लोगों ने मनोज के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और मनोज को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी बीच कुछ युवकों ने पीछा कर ट्रैक्टर-ट्राली चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। व्यापारी की मौत की जानकारी मिलते ही लोग थाना पर जमा हो गए और आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। मृतक के चाचा रविंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी पर कार्रवाई करने के बजाय फैसला करने का दबाव बना रही है। परिजनों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर क्षेत्र के ही एक रसूखदार का है जिसे बचाने के लिए पुलिस पीड़ितों को ही धमका रही थी। चाचा सुरेंद्र गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। सरसावा थाना प्रभारी आदेश त्यागी ने फैसले का दबाव बनाने की बात से इंकार किया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।