देवबंद (सहारनपुर)। लबकरी गांव में बिजली चोरी के मामले का समन लेकर पहुंचे दो पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने प्रधान के भाई समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, प्रधान के परिजनों का आरोप है कि रात्रि में दबिश देने पहुंची पुलिस ने घर में जमकर तोड़फोड़ की।
सोमवार की रात्रि कोतवाली के सिपाही सुरेंद्र व भूपेंद्र लबकरी गांव में बिजली चोरी का समन लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद प्रधान के भाई लाल्ला उर्फ परवेज, सादान पुत्र फुरकान, कादिर पुत्र सुक्कड और आजू उर्फ आस मोहम्मद ने उन्हें घेर लिया तथा जमकर मारपीट की थी। इस मामले में मंगलवार को पुलिस ने सिपाही सुरेंद्र कुमार की तहरीर पर चारों लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा ड्यूटी के दौरान मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, प्रधान आकिल की माता वकीला और भाभी गुलशन का आरोप है कि घटना के बाद देर रात्रि दर्जनों पुलिस वाले बिना आवाज दिए घर में घुस गए तथा वहां रखे सामान में जमकर तोड़फोड़ की। जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो धक्कामुक्की भी की गई। आरोप यह भी है कि पुलिस वाले घर में रखी हजारों रुपये की नगदी व सोने चांदी के जेवर भी उठा ले गए।