फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर समयदीन ढेर

विज्ञापन
विज्ञापन
शामली/थानाभवन/कैराना/झिंझाना। थानाभवन व बाबरी पुलिस के साथ भैंसानी के जंगल में बंद पड़े ईंट भट्ठे पर हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अंतरराज्यीय बदमाश समयदीन उर्फ सामा मारा गया। समयदीन मुकीम काला और नफीस गैंग का सदस्य था। इसके अलावा झिंझाना में पुलिस मुठभेड़ में गोकशी के दो और कैराना पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोकशी का एक आरोपी गोली लगने से घायल हुआ है।
विज्ञापन

सोमवार देर रात भैंसानी के बंद पड़े भट्ठे पर हुई मुठभेड़ में मारा गया समयदीन उर्फ सामा निवासी रायजादगान कांधला हाल पता जनता काॅलोनी ऊरुकेरे जनपद तुमकुर कर्नाटक है। वह कांधला थाने पर हिस्ट्रीशीटर था। उस पर जनपद शामली, सहारनपुर, कर्नाटक, तेलंगाना व जयपुर राजस्थान में लूट, डकैती व चोरी के 29 मुकदमे दर्ज थे। वह शामली, तेलंगाना और कर्नाटक से सात मामलों में वांछित चल रहा था। बदमाश के कब्जे से नौ एमएम व 32 बोर की एक-एक पिस्टल, तमंचा व कारतूस बरामद हुए। मुठभेड़ के दौरान आरक्षी अनुज यादव गोली लगने से घायल हुए, जबकि बाबरी थाना प्रभारी राहुल सिसौदिया की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी, जिसमें वे बच गए।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि करीब 10 दिन से डायल 112 पर जनपद शामली में सहारनपुर बॉर्डर से लगे थानाक्षेत्रों में बदमाशों के देखे जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। सोमवार देर रात को बाबरी थाना प्रभारी को जानकारी मिली कि बदमाशोें का गिरोह थाना थानाभवन क्षेत्र के गांव भैंसानी इस्लामपुर में बंद पड़े ईंट भट्ठे में इकट्ठा होकर आग ताप रहे हैं, जो आसपास के किसी गांव में डकैती की घटना को अंजाम देने वाले हैं।
विज्ञापन

थानाभवन थाना प्रभारी निरीक्षक और बाबरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की घेराबंदी कर आत्मसमर्पण करने को कहा तो उन्होंने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में समयदीन उर्फ सामा घायल हो गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बदमाश से बरामद आधार कार्ड जनपद तुमकुर कर्नाटक का पाया गया।
एसपी का कहना है कि जनपद तुमकुर कर्नाटक से वांछित होने के बाद बदमाश समयदीन वर्तमान में जाखल जनपद कैथल हरियाणा में किसी महिला के साथ रह रहा था। बदमाश के पांच अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से भाग गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
उधर, सोमवार को कैराना से पंजीठ होते हुए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जाने वाले गंदे पानी के नाले में गोवंश का कटा हुआ सिर मिलने पर हिंदू संगठन के लोगों में रोष फैल गया था। पुलिस ने गोवंश के सिर का परीक्षण कराने के बाद सिर को गड्ढे में दबवा दिया था तथा यमुना पुलिस चौकी प्रभारी गोकशी के मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। सोमवार रात करीब 12 बजे पानीपत रोड पर रामड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर पानीपत से आ रहे बाइक सवार दो युवकों से पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश चांद निवासी मोहल्ला रेतावाला दाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा आरोपी शमीम निवासी मोहल्ला रेतावाला मौके से भाग गया। आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस व खोखा तथा बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी जंगलों में लावारिस घूमने वाले गोवंशों का वध करके उसका मांस बेचते थे तथा अवशेष को पंजीठ जाने वाले गंदे पानी के नाले में बहा देते थे। दो दिन पहले भी आरोपियों ने गोवंश का वध करने के बाद अवशेष को नाले में बहा दिया था।
इसके अलावा झिंझाना क्षेत्र के मंसूरा चौकी क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वासिद व आरिफ निवासी मंसूरा पैर में गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, गोकशी के उपकरण और गोवंश के कटे हुए अवशेष बरामद किए। मौके से शराफत, इमरान, आसिफ, मेहरबान और इंसार निवासी मंसूरा मौके से भाग गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें