बाबरी। थाना क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी मुस्तकीम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह कुछ अन्य ग्रामीणों के साथ गुजरात की डीआरए कंपनी में काम करता है। उसके गांव के ही कई लोग इसी कंपनी में कार्यरत हैं।
मुस्तकीम के अनुसार छह दिसंबर की रात वह अपने कमरे में सो रहा था। लगभग रात एक बजे कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने धमकी दी कि तुम यहां से निकल जाओ, नहीं तो आज जिंदा नहीं छोड़ेंगे।
उसने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने आपस में कहा कि इसकी पत्नी को 10 लाख रुपये दे देंगे और उससे कह देंगे कि मुंह बंद रखे। मारपीट के बाद उसे नंगा कर गहरे गड्ढे में डाल दिया गया। मुस्तकीम के साथ सो रहे व्यक्ति ने किसी तरह घर पर फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसकी सूचना उसके साथ काम करने वाले अन्य लोगों ने पुलिस चौकी को दी। पीड़ित ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।