सहारनपुर। अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के तहत यूपी और हरियाणा की टीम के बीच चार दिवसीय मुकाबले की मेजबानी करने का मौका सहारनपुर केे मिला है। मुकाबला 13 दिसंबर से ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल मैदान पर होगा। इसे क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। साथ ही सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन पदाधिकारी उत्साहित हैं।
शनिवार को अंबाला रोड स्थित एक होटल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव लतीफुर्रहमान ने बताया कि एसोसिएशन के निदेशक अकरम सैफी के व्यक्तिगत प्रयासों से जनपद को पहली बार इतनी बड़ी प्रतियोगिता कराने का मौका मिला है। इससे ना केवल सहारनपुर में खेल का माहौल बनेगा, बल्कि नवोदित खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। चार दिवसीय मैच 13 से 16 दिसंबर तक चलेगा। खास बात यह है कि यूपी की टीम में सहारनपुर के आकिब खान, कुनाल त्यागी और सक्षम शर्मा भी शामिल हैं। दोनों टीमें 10 दिसंबर को पहुंच जाएंगी तथा 11 को अधिकारी भी जनपद पहुंच जाएंगे। उन्होंने बताया कि बीते माह भी अकरम सैफी के प्रयास ने अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफ़ी मैच सहारनपुर को मिला था, जिसका सफल आयोजन किया गया था। पत्रकार वार्ता में राकेश शर्मा, साजिद उमर, रणधीर कपूर, मीडिया प्रभारी सैयद मशकूर, राजीव गोयल, भूपेंद्र कच्छल, विक्की चौधरी, आदिल खान, सचिन सैनी, नईम सैफी, मृदुल गर्ग, महफूज राना आदि मौजूद रहे।