सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नए भारत का निर्माण हो रहा है। देश आज तरक्की की राह पर तेजी से दौड़ रहा है। उन्होंने युवाओं से सरकारी नौकरी की तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने बड़े पैमाने पर शिक्षकों और पुलिस महकमे में भर्ती करने की घोषणा की, साथ ही होमगार्ड और आंगनबाड़ियों की समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिलाया।
साउथ सिटी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सहारनपुर-दिल्ली हाईवे का निर्माण 1543 करोड़ की लागत से किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के लिए यह बहुत बड़ा कार्य होने जा रहा है। सहारनपुर की काष्ठकला पूरी दुनिया में अपनी पहचान रखती है, जिससे उभारने के लिए सरकार प्रयासरत है।
पांवधोई नदी के जीर्णोद्घार में सरकार हर संभव मदद करेगी। क्योंकि जल ही जीवन है। पांवधोई के संरक्षण के लिए सबको आगे आना होगा। प्रदेश में जब भाजपा की सरकार बनी थी तो विरासत में भ्रष्टाचार और गोलमाल के मामले मिले थे, जिनसे 15 महीनों के कार्यकाल में निपटा गया है। हमारी सरकार में प्रदेश में भेदभाव समाप्त हो गया।
पूर्व की सरकार में सिर्फ चार-पांच जिलों का ही विकास होता। किसान ठंड के मौसम में रात में खेत पर सिंचाई के लिए जाता था। सर्दी लगने से किसानों की मौत होने के मामले बढ़ गए थे, लेकिन भाजपा सरकार में एक भी किसान की सर्दी लगने से मौत नहीं है। किसानों का गन्ना भुगतान भी समय से कराया जा रहा है। दया शुगर मिल और बिड़वी शुगर मिल को भी चलवाया जा रहा है।
हिम्मत नहीं हारे राघव और सत्यपाल
सहारनपुर। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर सांसद राघव लखनपाल शर्मा और बागपत सांसद व केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सहारनपुर-दिल्ली हाईवे निर्माण का कार्य राघव और सत्यपाल के प्रयासों से ही शुरू हो पाया है। पूर्व की सपा सरकार हाईवे के लिए एनओसी नहीं दे रही थी, लेकिन राघव लखनपाल शर्मा और सत्यपाल सिंह लगातार हाईवे निर्माण के प्रयासरत थे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दोनों सांसद लगातार उनसे मिले थे। वह हर बार कहते थे कि किसी भी तरह यह फोरलेन हाईवे बनवा दें। उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आज इसके परिणाम स्वरूप हाईवे का शिलान्यास हो पाया है।
सफाई व्यवस्था देखकर महापौर की प्रशंसा
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर शहर की सड़कों की सफाई व्यवस्था देखकर महापौर संजीव वालिया की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में सफाई व्यवस्था बेहतर है। कहीं-कहीं पार्कों में गंदगी दिखी। इसके लिए सीएम ने पार्कों से गंदगी हटवाए जाने के लिए मेयर को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता होगी तो जिला स्वस्थ होगा।
---------------------------------
मंडल के तीनों जिले हो चुके हैं खुले में शौच मुक्त
सहारनपुर। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट स्वच्छ भारत मिशन के तहत सहारनपुर मंडल के जनपद शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर खुले में शौच मुक्त हो चुके हैं। प्रदेश में वह खुद स्वच्छ भारत मिशन की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। दो अक्टूबर तक पूरा प्रदेश खुले में शौच से मुक्त हो जाएगा।
माफिया को नहीं बनने दिया जाएगा विकास में बाधा
सहारनपुर। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में माफियाओं को विकास में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। माफियाओं पर सरकार की कार्रवाई जारी है। एनजीटी में सरकार अपना पक्ष रखकर सहारनपुर में खनन शुरू कराए जाने का रास्ता साफ कर चुकी है।
मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने का दिया संकेत
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व की सपा सरकार को सिर्फ कांशीराम मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने से मतलब था, लेकिन मेडिकल कॉलेज में मरीजों को सुविधाएं नहीं मिल रही थी। वह मेडिकल कॉलेज में जल्द उच्च सुविधाएं दिलवाएंगे। वह एक बार फिर सहारनपुर आकर मेडिकल कॉलेज के लिए बड़ी घोषणा करेंगे।