सहारनपुर। गोरक्षा दल सहारनपुर के कार्यकर्ता हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर एकत्रित हुए। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट तिराहे पर बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंका। इसके बाद कलक्ट्रेट परिसर में कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश चौधरी ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। बताया कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के साथ हो रहे अत्याचारों को लेकर भारत सरकार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठोस कदम उठाने चाहिए। देश के विभिन्न राज्यों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों की सरकारी सुविधाएं बंद कर उन्हें देश से बाहर भेजने की मांग की। जिला अध्यक्ष आयुष ने कहा कि बांग्लादेश में पीड़ित हिंदू परिवारों को भारत सरकार द्वारा शरण और सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए। इस दौरान करण शर्मा, प्रशांत पंवार, शिवम पंवार, कृष्णा सैनी, अभिषेक, वीशु रोहिला, अनुज कुमार, प्रमोद कुमार, कार्तिक, सौरभ सैनी आदि मौजूद रहे।