सहारनपुर। कोरोना संक्रमण काल में सूबे में 14000 सिपाहियों की सत्यापन प्रक्रिया सात सितंबर से शुरू होनी है। इसके लिए सहारनपुर सहित अन्य जिलों में सत्यापन कराया जाएगा। जिले के ऐसे सिपाहियों की संख्या 275 है। इस प्रक्रिया के दौरान कोविड नियमों का अनुपालन करते हुए सत्यापन कराया जाएगा।
एसपी देहात अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मेडिकल, चरित्र प्रमाण पत्र, जरूरी दस्तावेजों सहित अन्य बिंदुओं के साथ सत्यापन का काम होगा। सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को पुलिस लाइन बुलाया जाएगा। प्रयास किया जाएगा कि इन्हें 30 या 40 की संख्या में ही बुलाया जाए। इसी रोटेशन के तहत सभी को बुलाकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। यह सावधानी इसलिए भी बरती जाएगी क्योंकि पुलिस विभाग में ही निरीक्षक, उपनिरीक्षक से लेकर अन्य स्तर के पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।
कुछ माह पहले ही पुलिस लाइन में प्रशिक्षण लेने वाले आरक्षियों की ट्रेनिंग के समय भी कोविड नियमों का अनुपालन किया गया था। इनके परेड दिवस समारोह में भी सीमित संख्या में प्रशिक्षुओं के अभिभावकों को बुलाया गया था। इसके साथ ही तय किया गया था कि कोरोना संक्रमण काल रहने तक आगे की अन्य गतिविधियों में भी कोविड नियमों का अनुपालन करते हुए ही सारी प्रक्रिया संपन्न होगी।