बड़गांव। गांव सिरसली खुर्द में तालाब में डूबने से सुमैया (3) और उसके ममेरे भाई उजेफा (3) की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों भाई-बहन तालाब किनारे खेल रहे थे। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के दोनों के शवों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
थाना देवबंद के गांव खुड्डा निवासी सुमैया अपनी मां रूखसाना के साथ ननिहाल के गांव सिरसली खुर्द आई हुई थी। वह अपने मामा समरोज के बेटे उजेफा के साथ रविवार देर शाम तालाब के पास खेल रही थी। जब काफी देर तक बच्चे दिखाई नहीं दिए तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
मस्जिद के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज देखने से पता चला कि दोनों बच्चे गहरे तालाब की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों ने तालाब किनारे पहुंच खोजबीन शुरू की। देर रात दोनों शव तालाब से बरामद हो गए।
आशंका है कि खेलते समय पैर फिसलने से दोनों तालाब में गिरे होंगे। हादसे के बाद नायब तहसीलदार संजीव कुमार व बड़गांव पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से मना कर दिया। ग्राम प्रधान मोहम्मद हुसैन ने बताया कि 15 दिन पहले रुखसाना अपनी ससुराल से इकलौती बेटी सुमैया को लेकर अपने मायके आई थी।