हादसे के बाद मौके पर आई पुलिस और लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के सरसावा में रक्षाबंधन के दिन अंबाला रोड पर ग्राम जलालपुर के पास ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार दंपति और महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का सड़क पर ही गर्भपात हो गया। जबकि उनकी गोद में बैठा दो वर्षीय बच्चा छिटक कर दूर जा गिरा। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर- ट्राली छोड़कर भाग निकला। वहीं सड़क पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
बुधवार को शाहजहांपुर चौकी क्षेत्र के अंबाला रोड स्थित ग्राम जलालपुर के सामने एक भीषण हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराह्न लगभग साढ़े तीन बजे सहारनपुर की ओर जा रही एक बाइक को सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने जोरदार टक्कर मारी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पति और उसकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गयी। महिला का सड़क पर ही गर्भपात हो गया। उसकी गोद में बैठा दो वर्षीय बच्चा टक्कर लगने के कारण छिटक कर दूर जा गिरा। उसे मामूली चोट आई।
जबकि चालक दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। गांव के लोगों ने पुलिस को बच्चा सौंप दिया। अभी तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।