निगम ने शुरू किया ‘कचरे के विरुद्ध एक युद्ध’ अभियान
सहारनपुर। नगर निगम ने ‘कचरे के विरुद्ध एक युद्ध’ अभियान’ शुरू किया है। रविवार को जनमंच प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ने धर्म गुरुओं और पार्षदों के साथ अभियान की शुरुआत की।
महापौर ने कहा कि नगर निगम ग्रीन सहारनपुर क्लीन सहारनपुर के सपने को साकार करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। मगर जनसहयोग के बिना यह संभव नहीं है। नए अभियान में भी जन सहयोग चाहिए। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि लोगों के घरों से निकलने वाले कचरे का निस्तारण घरों में ही हो। इसके लिए आईटीसी ‘मिशन सुनहरा कल’ के सहयोग से लोगों को गीले कचरे के निस्तारण के लिए होम कंपोस्टर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं सूखे कचरे के लिए यह नई योजना शुरू की गई है। सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने कहा कि अखबार की रद्दी, गत्ता, कांच, टीन, टूटी प्लास्टिक के लिए रेहड़े लगाए गए हैं। रेहड़ों पर मोबाइल नंबर 7060363719 अंकित है। लोग इस नंबर को डायल कर कचरा दे सकते हैं। रेहड़ा चालक उक्त कचरा लेने के बाद उसका मूल्य भी देगा। कार्यक्रम में पंडित जयप्रकाश याज्ञिक, पार्षद भूरा सिंह प्रजापति, मुकेश गक्खड़, पुनीत चैहान, मंसूर बदर, मयंक अरोड़ा, लिपिका सत्पथी आदि मौजूद रहे।
तालाब से नहीं हटाने दिया अतिक्रमण
मवीं कलां गांव से निकलने वाला पानी एक तालाब में गिरता है। एक व्यक्ति ने तालाब किनारे अपने उपले और लकड़ी रखे हुए हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर निगम की जेसीबी निकासी के लिए उपलों और लकड़ियों को जैसे ही हटाने लगी तो महिला जेसीबी के सामने अड़ गई। डायल 112 की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। जेसीबी बिना काम किए लौट आई। पुलिस भी ग्रामीणों को समझाने के बाद चली गई।