सहारनपुर। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को हलालपुर के पास करीब 40 लाख रुपये कीमत की जमीन को कब्जा मुक्त कराया है।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को शिकायत मिली थी कि हलालपुर में एक स्कूल के पीछे नगर निगम की जमीन पर किसी व्यक्ति ने कब्जा किया हुआ है। नगरायुक्त ने संपत्ति विभाग के अधिकारियों को भूमि को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। मंगलवार को संपत्ति प्रभारी विनय शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की राजस्व टीम हलालपुर पहुंची और खसरा संख्या 514 का रकबा 0.277 हेक्टेयर भूमि, जो करीब चार बीघा है खाली कराई। उक्त भूमि की बाजार कीमत करीब चालीस लाख रुपये बताई है। खाली कराई गई भूमि की तारबंदी कराई गई। नायब तहसीलदार जनेश्वर प्रसाद, लेखपाल महेंद्र शर्मा, राजस्व निरीक्षक नितिन कुमार, कर संग्रह निरीक्षक सागर कुमार आदि मौजूद रहे।
प्रतिबंधित पॉलिथीन पकड़ी, जुर्माना वसूला
सहारनपुर। प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ चल रहे अभियान में नगर निगम की टीम मंगलवार को बेहट रोड और बेरीबाग पहुंची। बेहट रोड पर कई दुकानदारों पर छापा मारते हुए प्रतिबंधित पॉलिथीन पकड़ी। साथ ही छह हजार रुपये का जुर्माना वसूला। बेहट रोड पर ही एक दुकानदार पर 700 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद बेरीबाग में भी भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन पकड़ी गई। यहां 2500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम में प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी, नरेशचंद, रणधीर सिंह, फुरकान, नत्थीलाल शामिल रहे।