सहारनपुर में मिले 70 नए मरीज
सहारनपुर जनपद में बुधवार को 70 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। एक साथ इतने लोग संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप की स्थिति है। सीएमओ डॉक्टर संजीव मांगलिक ने बताया कि बुधवार को 70 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें दो एमबीबीएस, दो राजकीय डिग्री कॉलेज के छात्रों समेत सात छात्र शामिल है। शहर की एक पैथोलॉजी लैब के नौ कर्मचारी भी संक्रमित मिले हैं। लैब को बंद करा दिया गया है। विभिन्न स्कूलों के तीन शिक्षक भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। तीसरी लहर में जनपद में अभी तक 139 लोग संक्रमित मिल चुके हैं।
यह भी पढ़ें: खास तस्वीरें: ...जब उद्घाटन से पहले वर्कआउट करने लगे पीएम मोदी, खूब वायरल हो रहा वीडियो
उधर, बिजनौर जिले में आज यानी बुधवार को नौ कोरोना के मामले आए। अब बिजनौर में सक्रिय मामलों की संख्या 21 हो गई है। शामली में आज 14 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें पांच एक स्कूल के छात्र हैं। जिनकी उम्र 10-12 वर्ष के बीच है। स्कूल के तीन बच्चे कल भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 49 हो गई है।
शामली जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को आई सैंपलों की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में एक निजी जूनियर हाईस्कूल के पांच बच्चों में कोराना संक्रमण की पुष्टि हुई है। तीन बच्चों की उम्र नौ साल, एक बच्चे की आठ और एक बच्चे की उम्र 10 साल है। बताया गया है कि तीन जनवरी को शहर के मोहल्ला विवेक विहार निवासी 11 वर्षीय बालक सैंपल की जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित मिला था। उसका रैंडम सैंपल दो जनवरी को लिया गया था। स्वास्थ्य टीम ने स्कूल में पहुंचकर बच्चों के रैंडम सैंपल लेकर कोराना की जांच की थी।
मंगलवार को आई सैंपलों की जांच रिपोर्ट में तीन बच्चे इसी स्कूल के कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इस तरह से इस स्कूल के नौ बच्चे कोरोना संक्रमित मिले हैं। शहर के मोहल्ला गांधी गंज में 14 वर्षीय किशोर, गोशाला रोड निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति व 22 वर्षीय युवक, कुड़ाना रोड पर 55 वर्षीय महिला, कमला कालोनी में 65 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 49 हो गई है।
करीब 50 फीसदी बच्चे हैं कोरोना संक्रमित
कोरोना के बढ़ते केस चिंता बढ़ा रहे हैं, सबसे ज्यादा चिंताजनक यह है कि अभी तक मिले संक्रमितों में करीब 50 फीसदी स्कूली बच्चे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग और अभिभावकों में हड़कंप की स्थिति है। फिलहाल शासन ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 14 जनवरी तक कक्षा-10 तक के स्कूल को बंद करने के आदेश दिए हैं, लेकिन कक्षा-11 और 12 की कक्षाएं अभी भी संचालित हैं। ऐसे में कोरोना से और बच्चे भी संक्रमित हो सकते हैं।
कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कहीं नहीं
कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शासन कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की लगातार हिदायत दे रहा है, लेकिन जिले में लापरवाही जारी है। बस अड्डों से लेकर बैंकों में भी भीड़ बिना मास्क और सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन करते हुए दिखती है। बुधवार को बस अड्डे और बैंकों के हालातों का जायजा लिया तो गंभीर लापरवाही वाली स्थिति दिखाई दी। ऐसे में आने वाले समय में कोरोना के केस और भी बढ़ सकते हैं।
इस तरह मिले संक्रमित केस
29 दिसंबर - चार
30 दिसंबर - एक
एक जनवरी - दो
दो जनवरी - एक
तीन जनवरी - दो
चार जनवरी - 25
पांच जनवरी - 14