तीन और प्रवासी कोरोना पॉजिटिव निकले
सहारनपुर। जिले में तीन और प्रवासियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तीनों को कोविड-19 सेंटर भेज दिया गया है, साथ ही उनके संपर्क में आए परिजनों को क्वारंटीन किया गया है, जिनकी सैंपलिंग की जा रही है।
पॉजिटिव आए तीन लोगों में दो सहारनपुर शहर के रहने वाले हैं, जो दिल्ली से आए थे। दिल्ली से आने की वजह से इन्हें सेंट मैरीज स्कूल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। करीब छह दिन पहले इनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। बुधवार की दोपहर इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तीसरा संक्रमित नकुड़ का रहने वाला है, जो गुरुग्राम से आया था। जिसे नकुड़ के एक कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। तीन नए पॉजिटिव आने के बाद सहारनपुर में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 253 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 212 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वर्तमान में 41 मरीज उपचाराधीन हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज में भर्ती कोरोना संक्रमित की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उसे छुट्टी दे दी गई है।
--------
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गांव सील
बेहट। गांव हरिपुर निवासी एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बुधवार को गांव को सील कर दिया गया। एक ग्रामीण गले में परेशानी की वजह से देहरादून इलाज कराने गया था। वहां इलाज के दौरान उसका कोरोना सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। जांच रिपोर्ट आने से पहले मंगलवार की रात वह छुट्टी कराकर अपने गांव चला अया। इसके बाद देहरादून में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सूचना मिलते ही चिकित्सा विभाग ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 सेंटर भेज दिया। बुधवार को संपर्क में आए आठ लोगों, जिनमें महिलाएं और बच्चों को होम क्वारंटीन किया गया। इनमें छह माह का बच्चा भी है। अन्य को जीवाला में बने क्वांरटीन सेंटर भेजा गया।
--------
देहरादून में मौत, परिजन क्वारंटीन
शहर के गोविंद नगर निवासी रिटायर्ड कर्मचारी की दिल का दौरा पड़ने से देहरादून में मौत हुई है। इसके बाद उसका कोरोना सैंपल लिया गया है। उसके परिजनों को वहीं पर क्वारंटीन किया गया है। मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता को एक सप्ताह पहले दिल में परेशानी हुई थी। उन्हें देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई कोरोना पॉजिटिव मरीजों का भी इलाज चल रहा है। मंगलवार की रात दिल का दौरा पड़ने से उनके पिता की मौत हो गई। डॉक्टरों ने एहतियातन देहरादून में ही अंतिम संस्कार करने की सलाह दी। साथ में रहे पत्नी और बेटे को वहीं क्वारंटीन किया है।
--------
19 प्रवासियों समेत 28 की रिपोर्ट नेेगेटिव
देवबंद। क्वारंटीन सेंटरों में भर्ती 28 लोगों की कोरोना रिपोर्ट बुधवार को नेगेटिव आने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। खास बात यह है कि इनमें 19 प्रवासी हैं। इसके साथ ही नगर के पांच क्वारंटीन सेंटर भी खाली हो गए हैं। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. इंद्राज सिंह ने नेगेटिव आए लोगों से घरों पर पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी।