सहारनपुर। 24 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विभाग के स्तर से कवायद तेज कर दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में कंट्रोल रूम और मॉनिटरिंग सेल गठित कर दिया गया है।
जनपद में इस बार दसवीं और 12वीं के 72 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे, जिनके लिए 90 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए दिशा निर्देश स्थानीय अधिकारियों को मिले हैं। इसके बाद विभाग ने परीक्षा की तैयारी और तेज कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में स्काउट एवं गाइड के भवन में कंट्रोल रूम बनाया गया है।
पूरे जनपद के सभी 90 केंद्रों से तमाम सूचनाएं इसी कंट्रोल रूम से ली जाएंगी और आएंगी। इसी की बगल के कमरे में मॉनिटरिंग सेल बनाया गया है, जिसमें दस कंप्यूटर के साथ शिक्षक लगाए गए हैं। इस कक्ष में दस एलईडी टीवी लगाए जाने की तैयारी है, जिनको सभी केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा जाएगा। मॉनिटरिंग सेल में बैठे शिक्षक स्क्रीन के जरिए परीक्षा पर नजर रखेंगे।
जनमंच में बैठक आज
सहारनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जनमंच प्रेक्षागृह में आज अपराह्न 3:30 बजे से बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष बंसल करेंगे। बैठक में सभी जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षा केंद्रों से संबंधित थानाध्यक्ष शामिल होंगे। जनपद स्तरीय सचल दल प्रभारियों को भी बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।
यूपी बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन कराना पहली प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए तमाम व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं। कंट्रोल रूम और मॉनिटरिंग सेल स्थापित किए जा रहे हैं। परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक भी होनी है।
- रेखा, जिला विद्यालय निरीक्षक