रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान में एक सप्ताह से भी कम वक्त बचा है। ऐसे में गांवों में चुनाव प्रचार चरम पर पहुंच गया है। विकास के वादों के साथ वोटरों की अपने पक्ष में लामबंदी और रूठों को मनाने की कवायद भी की जा रही है। इन सबके बीच मतदाता दूषित पेयजल, जल निकासी की समस्या, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें, खस्ताहाल संपर्क मार्ग की समस्याएं भी उठा रहे हैं।
तालाब पर कब्जे, कच्ची सड़कें और जलभराव से जूझ रहे ग्रामीण
ग्राम पंचायत सलेमपुर में तालाब पर 20 से अधिक ग्रामीणों के अवैध कब्जे हैं, जिनका वाद न्यायालय में चल रहा है। ग्रामीण धर्मबीर, सुभाष, सतीश कुमार, मुकेश आदि का कहना है कि गांव में तालाब पर अवैध कब्जा होने पर पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जरा सी बारिश से जलभराव की समस्या बन जाती है। इस ग्राम सभा के अनुसूचित जाति बहुल मजरे रामपुरी व ढोलागढ में आज भी कच्ची सड़कें हैं और उनमें गंदा पानी भरा है। ग्रामीण भरत सिंह, समय सिंह का कहना है कि गांव में न तो सफाई व्यवस्था है न ही पथ प्रकाश का कोई इंतजाम। सौर ऊर्जा लाइटें वर्षों से बंद पड़ी हैं।
हैंडपंप और सौर ऊर्जा लाइटें पड़ी हैं बंद
ग्राम सभा शिवदासपुर की अनुसूचित बस्ती में पानी निकासी के लिए नाला निर्माण तक नहीं किया गया है। कच्ची नालियां है, उनमें जमा पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं, इंडिया मार्का अधिकांश हैंडपंप खराब पड़े हैं, यही हाल सौर ऊर्जा लाइटों का भी है। लाइटें बंद पड़ी हैं। असलम, अरसद, शाबान ने कहा कि गांव में पेयजल समस्या के लिए पानी की टंकी का निर्माण नहीं कराया गया है। इसी ग्राम सभा के मजरे कालाहेड़ी में नाले नालियां कचरे से अटे पड़े हैं। हैंडपंप खराब हैं। गांव में गंदगी के अंबार लगे हैं। सरफराज, वाकत, गय्यूर, रिजवान आदि का कहना है कि गांव कालहेड़ी व शिवदासपुर संपर्क मार्ग भी खस्ताहाल हैै।
पुल टूटने से गांव पहुंचने के लिए चलना पड़ता है छह किमी ज्यादा
ग्राम सभा तुरमतखेड़ी तक पहुंचने के लिए आज भी ग्रामीणों को छह किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर काटकर गांव जाना पड़ता है। क्योंकि गांव के मुख्य संपर्क मार्ग में पड़ने वाला पूर्वी यमुना नहर का पुल दो दशक से अधिक समय से टूटा पड़ा है। प्राथमिक विद्यालय का भवन जर्जर है जो किसी भी समय धराशाई हो सकता है। ग्रामीण सुलेमान, वसीम, अख्तर आदि का कहना है गांव में साफ सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। नाले नालियां कचरे से अटी पड़ी है। हैंडपंप खराब पड़े हैं।
गांव रामपुरी में पड़ी कच्ची सड़क- फोटो : SAHARANPUR
गांव कालाहेड़ी में अटी पड़ी नाली- फोटो : SAHARANPUR