दाबकी रोड स्थित निर्माणाधीन पुल का - फाईल फोटो
सहारनपुर। खानआलमपुरा यार्ज से जिलाधिकारी आवास की ओर उतरने वाले पुल का निर्माण संभवत: इसी सप्ताह शुरू होगा। विद्युत निगम ने बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने का कार्य शुरू कर दिया है। अभी तक दो बार शटडाउन लेकर कार्य किया गया है।
पुल के निर्माण का अधिकतर कार्य पूरा हो चुका है। सेतु निगम ने जनवरी 2025 तक पुल के कार्य को पूरा रखने का लक्ष्य रखा था, लेकिन पुल के दोनों ओर बिजली के खंभे लाइनी आ रही थी , जिनकी वजह से पुल को दोनों ओर से जमीन पर उतारा नहीं जा सका। बिजली लाइन को शिफ्ट करने के लिए सेतु निगम ने शासन को करीब साढ़े सात करोड़ रुपये का बजट भी भेजा था।
बजट आने के बाद विद्युत निगम ने तेजी से कार्य शुरू किया है। एक सप्ताह के भीतर निगम लाइन को शिफ्ट करने के लिए दो बार शट डाउन ले चुका है। पुल का निर्माण पूरा होने से लोगों को खासी राहत मिलेगी।
पेपर मिल रोड पर रेलवे की ओर से अपनी सीमा तक दीवार खड़ी की है, जिससे मुजफ्फरनगर, मेरठ और देवबंद आने-जाने वाले वाहन चालकों को सड़क संकरी होने से परेशानी होती है। पुल से आवाजाही शुरू होने से पेपर मिल रोड पर यातायात का दबाव कम होगा।