गंगोह। गांव जानखेड़ा के डेरा धर्मपुर के ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाओं से वंचित होने का आरोप लगाया। गांव के छोटे-छोटे बच्चों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सड़क बनवाने की मांग की है। रविवार को ग्रामीणों ने रोष जताते हुए ग्राम प्रधान और सचिव के खिलाफ नारेबाजी भी की।
ग्रामीण सुरेश, तेजपाल, सोमवीर, रविंद्र, वीर सिंह, कंवरपाल, अंकित, हुकमसिंह, काजल, अंजली आदि ने बताया कि आपातकालीन स्थिति में बुलाई गई एम्बुलेंस भी गांव के बाहर ही रुक जाती हैं। मरीज को चारपाई पर लेटाकर कीचड़ और गड्ढों से होते हुए बाहर ले जाना पड़ता है।
यही नहीं, गांव में किसी बेटी की शादी होती है तो भी रास्तों की बदहाली के कारण कार्यक्रम गांव में न होकर अन्य स्थान पर करना पड़ता है। डेरे से करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित भूमियाखेड़े तक जाने का रास्ता भी बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और पानी भर जाने से आवागमन लगभग असंभव सा हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या बरसों से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। इतना ही नहीं, गांव में किसी की मृत्यु होने पर श्मशान घाट तक पहुंचना भी दूभर हो है। गंदगी से गांव में संक्रामक रोग फैल रहे है।
उधर, ग्राम प्रधान संयोगिता ने कहा कि जल निगम द्वारा पाइप लाइन बिछाने के बाद हालात ज्यादा बदतर हो गए हैं। सड़कों के निर्माण के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।