सहारनपुर। स्टेडियम में निर्माणाधीन क्ले कोर्ट का कार्य करीब 80 फीसदी पूरा हो गया है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद जिले के खिलाड़ियों को टेनिस कोर्ट की सौगात मिलेगी। निर्माण में करीब 11 लाख रुपये की लागत आएगी।
स्टेडियम में क्रिकेट, फुटबाल, कुश्ती, वॉलीबाल, बैडमिंटन समेत अन्य कई खेल सुविधाएं हैं। साथ ही इनके प्रशिक्षक भी तैनात है। खेल सुविधाओं को विस्तार देते हुए स्टेडियम में टेनिस के लिए क्ले कोर्ट बनाया जा रहा है। लाल मिट्टी से बनने वाला यह कोर्ट मंडल का पहला कोर्ट होगा। कोर्ट के मैदान पर मिट्टी बिछाने का कार्य शेष है। इसके लिए प्रशासनिक अनुमति भी मांगी गई है। माना जा रहा है कि मई के अंत और जून के मध्य तक कोर्ट पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा। क्ले कोर्ट का निर्माण होने से मंडलभर के खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा। अभी तक जिले में टेनिस कोर्ट की सुविधा नहीं है।
इसके चलते टेनिस खिलाड़ियों को महंगी एकेडमियों में जाकर प्रैक्टिस करनी पड़ती है, साथ ही प्रदेश स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में स्टेडियम से भी खिलाड़ी भाग नहीं ले पाते। अब जब क्ले कोर्ट का निर्माण शुरू हो गया है तो जल्द ही प्रशिक्षक की भी नियुक्ति की जाएगी। इसके बाद खिलाड़ियों को भी काफी सहूलियत होगी। स्टेडियम में पिछले वर्ष ही अप्रैल माह में शूटिंग रेंज का शुभारंभ हुआ है। इसमें खिलाड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं, साथ ही प्रशिक्षक की भी नियुक्ति की गई है। क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा ने बताया कि कार्यदाई संस्था निर्माण कार्य करा रही है। कोर्ट बनने से इसका फायदा खिलाड़ियों को होगा।